चंडीगढ़-मनाली फोरलेन आज दिन में 3 घंटे 30 मिनट तक वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। नेशनल हाईवे आथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने मरम्मत कार्य के चलते सुबह 11 से एक बजे तक और सांय चार से 5:30 बजे तक सड़क को बंद रखने का निर्णय लिया है।
मंडी के छह मील में बड़ी-बड़ी चट्टानें हवा में लटकी हुई है। इस खतरे को भांपते हुए फोरलेन को बंद करके इन्हें हटाया जाएगा। इसी तरह कुछेक स्थानों पर फोरलेन अभी भी वन-वे चलाया जा रहा है। इसे बंद करके टू-लेन बनाया जाएगा। लिहाजा मंडी पुलिस ने स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को अल्टरनेटिव सड़क से आवाजाही की सलाह दी है।
फोरलेन पर जब यातायात बंद होगा, उस दौरान मंडी से कुल्लू के लिए छोटे वाहन वाया कमांद-कटोला-बजौरा सड़क से भेजे जाएंगे। इस सड़क से हैवी व्हीकल को आने-जाने की इजाजत नहीं होगी। बसें भी 32 सीटर या इससे कम यात्रियों वाली इस रूट से भेजी जाएगी।
अन्य हैवी व्हीकल को फोरलेन बहाल होने तक का इंतजार करना होगा। कमांद-कटोला सड़क पर दोनों दिशाओं में ट्रैफिक दिन-रात चलता रहेगा। मानसून के दौरान भारी बारिश की वजह से मंडी के चार मील, छह मील और नौ मील भी कई बार फोरलेन बाधित हो गया था।
यहां 9 अगस्त की रात को चलती कार पर पत्थर गिरने से पांच साल के मासूम की मौत हो गई थी। इसके बाद भी कई गाड़ियों पर चट्टानें गिरी। इसे देखते हुए NHAI अब खतरनाक चट्टानों को हटा रहा है।