शिमला
शिमला जिला के कुमारसैन के घुमाना गांव में नेपाली मजदूर ने ही अपने साथी नेपाली की हत्या कर दी पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है।हत्या के असल कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि प्रारंभिक सूचना के अनुसार ये सामने आया है कि नशे की हालत में आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतक और हत्यारा दोनों बागवान के सेब बगीचे में मजदूरी करते थे। दोनों एक ही कमरे में रह रहे थे। मृतक की पहचान नेपाली मूल के 30 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। वहीं आरोपी का नाम करण है। जिसकी उम्र 37 वर्ष है
पुलिस को दी शिकायत में देव राज चौहान (49) निवासी गांव घुमाना ने बताया कि एक महीने पहले उनके चाचा के लड़के बसंत लाल के माध्यम से उनकी मुलाकात दो नेपाली युवकों करण और अर्जुन से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों युवकों को उन्होंने अपने बगीचे में काम करने के लिए बुला लिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 14 जनवरी की शाम वह अपने काम से मालंदी गांव गए थे लौटते समय अर्जुन ने उनसे बाजार में खर्च के लिए 500 रूपये मांगे जो उन्होंने दे दिए। शाम 6:45 बजे उन्होंने करण से फोन पर बात की तो करण ने बताया कि दोनों कैंप में मौजूद हैं। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ललित ने देव राज को फोन कर बताया कि कैंप के पास खेत में एक नेपाली सो रहा है। जब वह वहां पहुंचे तो देखा कि अर्जुन का खून से सना शव कैंप के कमरे में पड़ा था। उसका चेहरा और सिर खून से लथपथ था।
घटनास्थल पर करण नेपाली मौजूद नहीं था। आवाज लगाने पर करण खेत में लेटा हुआ मिला। उसने पास में कंबल और एक काला बैग रखा हुआ था। शिकायतकर्ता देव राज के अनुसार करण नशे की हालत में था और उसकी पहनी हुई टी-शर्ट पर खून के धब्बे थे।
उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर करण को हिरासत में ले लिया। देव राज ने आरोप लगाया है कि करण ने किसी तेजधार हथियार से अर्जुन के सिर और चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की है। डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी करण नेपाली को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले की जांच जारी है।