Tag: # highest school

  • चिखर स्कूल में 15 दिन में शिक्षक की नियुक्ति करें अन्यथा होगा आन्दोलन   -डॉ0 तंवर

    चिखर स्कूल में 15 दिन में शिक्षक की नियुक्ति करें अन्यथा होगा आन्दोलन   -डॉ0 तंवर

    स्कूल में एक अध्यापक के सहारे 48 बच्चे
    शिमला 16 मार्च । मशोबरा ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक पाठशाला चिखर में बीते कुछ वर्षों से अध्यापक की कमी के चलते किसान सभा और स्थानीय लोगों ने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि यदि शिक्षा विभाग ने  15 दिन के भीतर इस स्कूल में अध्यापक की नियुक्ति नहीं की तो उस स्थिति में किसान सभा  स्थानीय लोगों के साथ मिलकर   शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेगें  ।
    किसान सभा के राज्याध्यक्ष डॉ0 कुलदीप तंवर ने रविवार को चिखर में  स्थानीय लोगों के साथ बैठक की जिसमें यह  निर्णय लिया गया । बता दें कि इस स्कूल में 48 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और इन बच्चों को पढ़ाने के लिए बीते कुछ वर्षों से केवल एक ही अध्यापक कार्यरत है । उन्होने कहा कि सरकार द्वारा काफी संख्या में स्कूल बंद कर दिए है और सरकार यंुक्तिकरण का हमेशा राग अलापती है। इसके बावजूद भी इस दूरदराज स्कूल में बीते दो सालों से किसी शिक्षक की नियुक्ति नहीं की है ।
    लोगों का कहना है कि जब अध्यापक अवकाश पर चले जाते हैं तो डेपूटेशन पर कभी कभार अध्यापक की डियूटी लगती है और बच्चे दिन भर खेलते रहते हैं ।  उन्होने बताया कि इस वर्ष अभी प्री प्राईमरी कक्षा के लिए छोटे बच्चों का दाखिला अगले महीना होने जा रहा है जिससे इस स्कूल में बच्चों की संख्या में बढ़ोतरी होगी । बीते वर्ष इस स्कूल में बच्चों की संख्या 62 थी । इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चिखर सतलाई में विज्ञान और वाणिज्य विषय न होने से बच्चों को शिमला अथवा जुन्गा जाना पड़ता है जिस कारण गरीब परिवार के बच्चे रूचि अनुरूप विषय पढ़ने से वंचित रह जाते हैं ।

  • देश के सबसे ऊंचे स्कूल में बजा फोन

    समदो बोर्डर के पास देश में सबसे अधिक उंचाई पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय लरी में फोन की सुविधा शुरू हो गई। अपने घरों से दूर आवासीय स्कूल में अध्ययनरत 200 विद्यार्थी अब अपने अविभावकों से किसी भी समय बातचीत कर सकते हैं। समुद्रतल से करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर समदो बोर्डर से लगभग 12 किमी दूर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय लरी स्थित है।

    हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में पड़ने वाले इस स्कूल में केंद्र सरकार ने दूरभाष की सुविधा उपलब्ध करवाई है। स्कूल में गत रविवार से ही फोन सेवा चालू हुई है। विद्यार्थी एक चिपनुमा कार्ड की मदद से अपने परिजनों से बातचीत कर सकेंगे। गौरतलब है कि स्कूल में अध्यनरत विद्यार्थियों को मोबाइल फोन अपने साथ रखने की इजाजत नहीं है।

    जरूरत पडने पर विद्यार्थी अध्यापकों के मोबाइल फोन से अपने अविभावकों के साथ बातचीत करते आए हैं, लेकिन अब स्कूल के हॉस्टल में लगे फोन के जरिए बच्चे अपने परिजनों से बातचीत कर सकेंगे। हालांकि अविभावक खुद बच्चों को फोन नहीं कर सकते हैं। फोन के सिस्टम में पहले से ही बच्चों के माता-पिता के अलावा एक अन्य रिश्तेदार का मोबाइल नंबर फीड किया गया है।

    इन फोन नंबरों को 1, 2 और 3 अंकों के बटन के साथ फीड किया गया है। जैसे 1 नंबर के बटन के साथ पिता का फोन नंबर फीड किया गया है तो 1 नंबर को दबाते ही बच्चे के पिता के मोबाइल में घंटी बजेगी। इन 3 फोन नंबरों के अलावा विद्यार्थी किसी चौथे नंबर पर कॉल नहीं कर सकता है, जबकि इस फोन सुविधा में केवल इनकमिंग कॉल की ही सुविधा रहेगी।

    एक मिनट के कॉल के लिए एक रुपया चार्ज लिया जाएगा। जवाहर नवोदय स्कूल लरी के प्रधानाचार्य संजय राही ने बताया कि जवाहर नवोदय संगठन के निर्देश पर स्कूल में फोन की सुविधा शुरू की गई है। ऐलेन सिक्योर लाइन कंपनी ने फोन सुविधा प्रदान की है।