हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में नेशनल हाईवे-5 पर निगुलसरी के पास पहाड़ टूटने के हादसे के चौथे दिन शनिवार को बचाव दलों ने छह और शवों को निकाल लिया है। इस हादसे के मृतकों की संख्या अब 23 पहुंच गई है। अब सिर्फ पांच लोग ही लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी प्रशासन ने सूची जारी कर दी है।
बचाव दलों ने सुबह के समय दो शवों को निकाला। इसके बाद घटनास्थल पर पत्थर गिरने की वजह से सर्च ऑपरेशन बार-बार बाधित होता रहा। हालांकि, शाम पांच बजे तक चार और शवों को निकाल लिया गया। सभी शवों की पहचान कर उनके परिजनों को सौंप दिए हैं। जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 20-20 हजार रुपये की राशि दी है। उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जब तक लापता व्यक्तियों की तलाश पूरी नहीं हो जाती, सर्च अभियान जारी रहेगा।







