पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह ने केलांग में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा नेता महेंद्र सिंह ठाकुर जयराम सरकार में सुपर चीफ मिनिस्टर बन गए हैं। वर्तमान समय में जल शक्ति विभाग की हालत तो ऐसी हो गई है कि जब तक मंत्री महोदय के आदेश उच्च अधिकारियों को नहीं होते हैं तब तक टैंडर तक नहीं करवाया जाता है। यही नहीं, हर घर जल हर घर नल योजना के तहत खरीदी गई पानी की पाइपों में भी जमकर गोलमाल किया गया है। हैरानी तो इस बात की है कि जल शक्ति विभाग ने प्रदेश में इतनी पाइप खरीदी हैं कि आगामी 15 वर्षों तक पाइपें खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह ठाकुर जयराम सरकार में सुपर चीफ मिनिस्टर बने हुए हैं। कभी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के साथ उनका उलझना चर्चा का विषय बन जाता है तो कभी कर्मचारियों व शिक्षकों का सार्वजनिक स्थल पर वह सरेआम मजाक उड़ा देते हैं, ऐसे में जयराम सरकार के सुपर चीफ मिनिस्टर किस ओर हिमाचल को ले जाना चाहते हैं यह समझ से परे है। उन्होंने कहा है कि वर्तमान समय में जल शक्ति विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बना हुआ है, जिसके पुख्ता सबूत उनके पास हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आते ही वह इस मामले की जांच करवाएंगे, वहीं उन्हें पूरा यकीन है कि जल शक्ति विभाग के कई बड़े अधिकारी भ्रष्टाचार में जांच के दौरान नपेंगे।
ठाकुर कौल सिंह ने कहा कि जिन-जिन स्थलों पर चुनाव होने हैं उन्हीं स्थानों का दौरा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर रहे हैं और हवा में घोषणा कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव का विषय है, उस विषय को लेकर वह यह स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि मंडी संसदीय सीट से हाईकमान जिस प्रत्याशी को उतारेगी प्रदेश कांग्रेस उस प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए जी तोड़ मेहनत करेगी। उन्होंने कहा कि सुपर चीफ मिनिस्टर जल शक्ति विभाग में पूरे प्रदेश भर में सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को रोजगार दे रहे हैं जो अन्य जिलों के लोगों के साथ अन्याय है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भी जनता के बीच जाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर प्रदेश में विकास करवाने का प्रयास करें न कि हवा में घोषणाएं कर जनता को गुमराह करें।








