शहर के मोहल्ला गलुआ में देर रात 32 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस पड़ताल कर रही है कि आखिर युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया। मृतक की पहचान मनजीत सिंह निवासी मोहल्ला गलुआ वार्ड नंबर-3 ऊना के रूप में हुई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनजीत सिंह शुक्रवार देर शाम लगभग साढ़े 9 बजे जिम से वापस घर आया और सीधा अपने कमरे में चला गया। परिजनों ने लगभग साढ़े 12 बजे जब उसके कमरे में जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए।
युवक अपने कमरे में सीलिंग फैन की हुक के साथ प्लास्टिक की रस्सी से बने फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने इसकी पुष्टि की है।








