प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.लाल बाहदुर शास्त्री को उनकी जयंती पर नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में इन दोनों नेताओं का महान योगदान रहा है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आज कांग्रेस नेताओं ,पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री के छाया चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राठौर ने इस दौरान कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जो विश्व को अहिंसा का संदेश दिया था वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उस समय था।उन्होंने कहा कि हाल ही में अमरीका के राष्ट्रपति ने भी महात्मा गांधी को याद करते हुए उन्हें महान बताया है जो इस देश के लिए बहुत ही गौरव की बात है।उन्होंने कहा कि आज देश ही नही पूरे विश्व मे महात्मा गांधी के अहिंसा के पथ पर चलने व इसका अनुसरण करने की बहुत ही आवश्यकता है।यही उनके लिये सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
देश मे शास्त्री के योगदान को याद करते हुए राठौर ने कहा कि जय जवान,जय किसान का जो नारा उन्होंने दिया था,उससे हमारे देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों व देश मे अन्न पैदा करने वाले किसानों के प्रति लोगों का प्रेम व सम्मान बड़ा था।
इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के प्रभारी संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक आशा कुमारी, डॉ.कर्नल धनीराम शांडिल,रामलाल ठाकुर,सुखविंदर सिंह सुक्खू,पूर्व विधायक हर्ष महाजन सहित प्रदेश कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी,सेवादल,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व कांग्रेस पार्टी के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।



