उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी को लेने यूपी पुलिस की टीम रूपनगर (रोपड़) जेल पहुंच गई है। अब थोड़ी ही देर में जेल प्रशासन द्वारा मुख्तार अंसारी को यूपी की बांदा पुलिस टीम के हवाले कर दिया जाएगा। पहले यूपी पुलिस का वज्र वाहन जेल के अंदर गया और इसके बाद एंबुलेंस सहित कई गाडियां अंदर गईं। एंबुलेंस में कई डाॅक्टर भी तैनात हैं। जेल के बाहर बेरिकेटिंग कर दी गई है और मीडिया को जेल के गेट के पास जाने से रोक दिया गया है। जेल के बाहर मीडिया का जमावड़ा लगा हुआ है।
यहां से मुख्तार को यूपी की बांदा जेल ले जाया जाएगा। इससे पहले, बांदा पुलिस की टीम आज तड़के करीब चार बजकर 10 मिनट पर रूपनगर पहुंची। जिस एंबुलेंस में मुख्तार अंसारी को उत्तर प्रदेश की बांदा जेल ले जाया जाएगा। इससे पहले यूपी पुलिस की टीम रोपड़ की पुलिस लाइन में पहुंची। जेल के आसपास मीडिया कर्मियाें का जमावड़ा लगा हुआ है। जेल के गेट के पास से मीडिया कर्मियों को हटा दिया गया तो कुछ टीवी चैनल के मीडिया कर्मी जेल के अंदर का दृश्य दिखाने के लिए आसपास के मकानों की छत पर चढ़ गए। पुलिस ने उनको वहां से भी हटाया।








