बिलासपुर
हिमाचल के बिलासपुर जिला में एक व्यक्ति जाली करंसी के साथ पकड़ा गया है। व्यक्ति के पास 15 हजार के जाली नोट मिले हैं। मामला जिला के कोट कहलूर थाना के तहत ग्वालथाई चौकी से सामने आया है। बताया जा रहा है कहलूर थाना के अंतर्गत ग्वालथाई चौकी की टीम ने भाखड़ा की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार व्यक्ति को चैकिंग के लिए रोका। इस दौरान वह पुलिस को देखकर घबरा गया। जिसकी तलाशी लेने पर बैग से करीब 15,800 के जाली नोट बरामद हुए। पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने इन नोटों को स्वयं तैयार करने की बात कबूली है। आरोपी की पहचान (47) मनजीत सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह गांव मालचक डाकखाना कंग तहसील खंडूर साहिब जिला तरणताल के रूप में हुई है। डीएसपी राजकुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।








