हिमाचल में मानसून विदा लेने की तैयारी में है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सप्ताह के शुरूआती दिनों में मानसून प्रदेश से विदा लेगा। प्रदेश में आगामी 10 अक्तूबर तक मौसम साफ रहेगा लेकिन 11 अक्तूबर को विभाग ने प्रदेश के ऊंचाई व मध्यम क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। वीरवार को प्रदेश भर में मौसम साफ रहा, जबकि चौपाल व नेहरी में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं राजधानी शिमला में दिनभर मौसम साफ रहा और देर शाम मौसम के खराब होने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में अगले सप्ताह मानसून हिमाचल से विदा हो जाएगा। सप्ताह के शुरूआती दिनों में भी मानसून विदा ले सकता है। इसके बाद प्रदेश में आगामी 4 से 5 दिन मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ौतरी हुई है, वहीं न्यूनतम तापमान में कमी भी आई है। वीरवार को शिमला में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह सुंदरनगर 30.0, कल्पा 21.6, धर्मशाला 26.2, ऊना 34, नाहन 27.0, केलांग 23.5, पालमपुर 25.0, सोलन 29.5, मंडी 31.3, बिलासपुर 33.5, हमीरपुर 30.1, चम्बा 30.4, डल्हौजी 19.8 और कुफरी में 18.7 दर्ज किया गया।








