युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय (भारत सरकार) का युवा मामले विभाग पिछले साल के सफल अभियान के बाद 1 से 31 अक्टूबर, 2022 तक पूरे देश में महीने भर चलने वाले ‘स्वच्छ भारत 2.0’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेगा। यह कार्यक्रम नेहरू युवा केंद्र संगठन (एनवाईकेएस), सम्बद्ध यूथ क्लब और राष्ट्रीय सेवा योजना से सम्बद्ध संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से देश भर के सभी गांवों में आयोजित किया जाएगा।

नेहरू युवा केंद्र हमीरपुर की जिला युवा अधिकारी दीपमाला ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर 1 अक्टूबर 2022 को ‘स्वच्छ भारत 2.0’ का शुभारंभ करेंगे जिसका उद्देश्य कचरे मुख्यत: एकल उपयोग प्लास्टिक को साफ करना या निपटाना और जागरूकता उत्पन्न करना है। सचिव ने यह भी बताया कि पिछले साल के ‘स्वच्छ भारत अभियान’ की सफलता के बाद इस वर्ष नागरिकों के सहयोग और स्वैच्छिक भागीदारी से 1 करोड़ किलो कचरे (प्लास्टिक कचरा,ई- कचरा और अन्य कचरा ) को एकत्र करके निपटाया जाएगा । इस कार्यक्रम का उद्देश्य 01 अक्टूबर से 31अक्टूबर तक देश के सभी जिलों में सार्वजनिक स्थानों और घरों की सफाई का आयोजन करना है।






