शिमला 17 अगस्त । राजकीय महाविद्यालय चायल -कोटी में एंटी-रैगिंग सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग जैसी सामाजिक बुराई से जागरूक करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम करवाए गए। प्राचार्या डॉ. दीपशिखा भारद्वाज ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की ।
उन्होने बताया कि ऐंटी रैंगिग सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों के लिए शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वह नए विद्यार्थियों को शारीरिक या मानसिक रूप से किसी भी प्रकार की प्रताड़ना नहीं देंगे। इसके बाद रैगिंग के खतरों और उससे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर आधारित एक वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया, जिससे छात्रों को इस विषय में आवश्यक जानकारी प्रदान की जा सके।
उन्होने बताया कि सप्ताह के दौरान वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रतिभागियों ने रैगिंग के दुष्परिणामों और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं पर अपने विचार रखे। समापन दिवस पर स्लोगन लेखन और पोस्टर निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रैगिंग विरोधी संदेशों और आपसी सहयोग की आवश्यकता को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए पोस्टरों और स्लोगनों का अवलोकन किया तथा अपने संबोधन में विद्यार्थियों से अनुशासन बनाए रखने और महाविद्यालय परिसर में शैक्षणिक वातावरण की निरंतरता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
डिग्री कॉलेज चायल-कोटी में मनाया गया एंटी-रैगिंग सप्ताह
Leave a comment
Leave a comment



