नववर्ष में प्याज के दामों में नरमी आने वाली नहीं है। कारण, केंद्र सरकार ने एक जनवरी से प्याज के एक्सपोर्ट पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया है। अब सभी किस्म के प्याज को एक्सपोर्ट किया जा सकेगा। बताया जा रहा है कि प्याज की कीमतों में लगातार हो रही गिरावट के चलते सरकार ने ये फैसला लिया है। हालांकि एक्सपोर्ट शुरू होने के साथ ही अगर प्याज की फसल कम होती है तो घरेलू बाजार में प्याज की कीमतों में इजाफा होना तय है।
गत वर्ष प्याज उत्पादन के प्रमुख राज्य महाराष्ट्र व गुजरात में अधिक व बेमौसमी बारिश के चलते प्याज की फसल को भारी नुकसान हुआ था। इस कारण रिटेल में 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंचे दामों पर काबू पाने के लिए सितंबर में केंद्र सरकार ने प्याज के एक्सपोर्ट पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद से लेकर देश की इन प्रमुख मंडियों से केवल भारतीय बाजार में ही प्याज की सप्लाई दी जा रही थी। यहीं कारण रहा कि इन दिनों प्याज के दाम गिरकर रिटेल में 25 से 30 रुपये प्रति किलो रह गए हैं।







