प्रदेश में शनिवार को 2506 नए मरीज मिले। 24 घंटे में 22 लोगों की मौत हो गई है। काेरोना के कारण 5 माह 11 दिन में हमारे अपने 1017 लोग दुनिया छोड़कर जा चुके हैं। इस वायरस ने किसी के पिता तो किसी की मां, बहन, पत्नी, बेटा-बेटी परिवारजनों से दूर कर दिए हैं। वायरस हमारे जीवन के लिए कितना खतरनाक हो रहा है।
इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जहां इसने 500 लोगों की जिंदगी 131 दिनों में खत्म की, वहीं पिछले 32 दिन में मौतों की संख्या दोगुनी कर दी है। मरीजों की संख्या के हिसाब से हरियाणा 15वें स्थान पर है। लेकिन 90 हजार से ज्यादा मरीजों वाले राज्यों में मृत्यु दर में हरियाणा 9वें नंबर पर है। जबकि संक्रमण दर में 8वां स्थान है। अब तक 14,61,644 लोगों के सैंपल लिए गए है, जिनमें 92,417 पॉजिटिव मिले हैं।
10 अगस्त तक
राज्य में 2 अप्रैल को पहली मौत हुई थी। 10 अगस्त तक 131 दिन में 500 मौतों का आंकड़ा पार हुआ। तब रिकवरी दर 82.77% व मृत्यु दर 1.17% थी। देश की रिकवरी दर 70% व मृत्यु दर 1.99% थी। प्रदेश में पहला केस 17 मार्च को मिला। 10 अगस्त तक 42878 संक्रमित थे। 35492 मरीज ठीक हो चुके थे।
बीते 32 दिन में
32 दिनों में 49539 मरीज मिले। 515 मौतें हुईं। 35221 मरीज ठीक हुए। मृत्यु दर 0.7% व रिकवरी दर 6.26% घटी।










