राजधानी में लोन दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। निजी फाइनेंस कंपनी से लोन दिलाने का झांसा दिलाने के एवज में दो ठगों ने पीड़ित के साथ 55 हजार की ठगी की। मामला सदर थाना क्षेत्र का है। पीड़ित संतोष कुमार चौपाल उपमंडल के कुपवी का रहने वाला है।
मामले के अनुसार संतोष कुमार ने निजी फाइनांस कंपनी से लोन के लिए अप्लाई किया। कंपनी के दो एग्जिक्यूटिव राकेश व अंकित से उसने संपर्क किया। दोनों ने लोन के लिए सारी फॉर्मेटलिटी करवाई। दोनों ने कहा कि पहले 55 हजार रुपए इनके अकाउंट में जमा करवाओ। पैसा जमा होने के बाद लोन की राशि उसे मिल जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कंपनी के एग्जिक्यूटिव के कहे अनुसार अकाउंट में पैसे समय पर डलवा दिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी अभी तक लोन मंजूर नहीं हुआ है। एसपी ओमापति जंबाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि आईपीसी की धारा 420 व 120 के तहत दो आरोपितों के विरूद्ध मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।







