हिमाचल में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। जिस कारण प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे गिर गया है। खासकर रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है और पहाड़ी क्षेत्रों में पारा माइनस में दर्ज किया जा रहा है। सोलन, शिमला कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर का पारा माइनस में पहुंच गया है। जनजातीय क्षेत्रों में ठंड के कहर से प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी बर्फ में तबदील हो गया है।
मौसम विभाग की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछली रात तापमान शून्य से 4.6 डिग्री नीचे था। इसी तरह कल्पा में न्यूनतम तापमान -5 डिग्री, मनाली में -1.4 और सोलन में -0.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह डल्हौजी में 0.2, कुफ री में 1.2, भुंतर में 1.4, शिमला में 2.1, चम्बा में 2.7, सुंदरनगर में 2.8, पालमपुर में 2.5, कांगड़ा में 3.4, धर्मशाला में 4.2, जुब्बड़हट्टी में 4.3, ऊना व पांवटा साहिब में 4.8, हमीरपुर में 5, बिलासपुर में 5.5 और नाहन में 10.3 डिग्री रहा। बुधवार को दिन में धूप खिलने से मौसम सुहावना रहा और ठंड का असर कम रहा। राहत की बात यह है कि अधिकतम तापमान सामान्य बना हुआ है।
आगामी 24 घंटों में बारिश-बर्फबारी की संभावना
मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान में और अधिक गिरावट आएगी। मौसम विभाग के निदेशक डाॅ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आएगा।17 दिसम्बर को पर्वतीय इलाकों में फिर बर्फबारी हो सकती है जबकि शेष हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। 18 व 19 दिसम्बर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान से सैलानियों को राजधानी शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी की आस जगी है।






