शिमला, 12 फरवरी : हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से धूप खिलने से मौसम खुशगवार बना हुआ है। इससे अधिकतम तापमान में उछाल आया है, और शीतलहर का प्रकोप कम हुआ है।

मौसम की ये स्थिति अगले दो दिन तक बनी रहेगी। इसके बाद मौसम के मिजाज बदलने से बारिश-बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 15 व 16 फरवरी को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश के मैदानी भागों में आगामी 16 फरवरी तक मौसम के साफ रहने का अनुमान है। लेकिन मध्यवर्ती व उच्च पर्वतीय इलाकों में 15 और 16 फरवरी को बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान राज्य की उच्च पर्वत श्रृंखलाओं व जनजातीय क्षेत्रों में बर्फ गिरने की प्रबल संभावना है। हालांकि मौसम विभाग की तरफ से भारी बारिश व बर्फबारी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इस बीच शुष्क मौसम के बावजूद रात के समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति जिला के मुख्यालय केलांग में न्यूनतम तापमान -12.4 डिग्री, कुल्लू जिला के मनाली में -2 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -1.5 डिग्री, शिमला में 6.8 डिग्री, सुंदरनगर में 1.3 डिग्री, भुंतर में 1.1 डिग्री, धर्मशाला में 7.2, ऊना में 5, नाहन में 9.7, पालमपुर में 3, सोलन में 0.6, कांगड़ा व बिलासपुर में 4.5, मंडी में 3.6, हमीरपुर में 4.8, चम्बा में 2.9, कुफरी में 2.3, पांवटा साहिब में 4.6 और जुब्बड़हट्टी में 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।








