हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के मामले अब खतरनाक स्तर पर पहुंच गए हैं। चरस के बाद अब चिट्टा युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है] और हालात ऐसे हो गए हैं कि राज्य को ‘उड़ता हिमाचल’ कहना गलत नहीं होगा। प्रदेश में शायद ही कोई दिन ऐसा गुजरता हो, जब कहीं न कहीं से नशे की तस्करी का मामला सामने न आए।
ताजा मामला कांगड़ा जिले के नूरपुर का है, जहां पुलिस ने तीसरी बार नशा तस्करी में पकड़े गए एक युवक को करीब 15 लाख रुपये के चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है, जो प्रदेश में बढ़ते नशे के नेटवर्क की गंभीरता को उजागर करता है। नूरपुर पुलिस टीम को ये सफलता छापेमारी के दौरान मिली है। आरोपी युवक काफी लंबे समय से घर से नशे का धंधा कर रहा था। पुलिस ने आज उसके घर पर छापा मारकर उसे चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने युवक को तीसरी बार अरेस्ट किया है। इस बार पुलिस टीम ने उससे 262 ग्राम चिट्टा बरामद किया है- जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी युवक की पहचान रोहित कुमार के रूप में हुई है- जो कि तमौता गांव, इंदौरा का रहने वाला है।







