पर्यटन विकास निगम ने त्योहारी सीजन और करवाचौथ के विशेष मौके पर पर्यटन निगम के सभी होटलों में महिलाओं के लिए सरगी कंप्लीमेंटरी उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है। पर्यटन विभाग का कहना है कि करवाचौथ के विशेष मौके पर पर्यटक काफी संख्या में हिमाचल के बड़े होटलों का रुख करते हैं। इसी के तहत इस बार होटलों में यह विशेष तरह की व्यवस्था की गई है। निगम के 93 यूनिट में एक हजार कमरों की सुविधा है।
निगम के होटलों में ठहरने वाले पर्यटकों को करवाचौथ के मौके पर सरगी नि:शुल्क परोसी जाएगी। इसके अतिरिक्त होटल में ठहरे मेहमानों की ओर से किसी विशेष पकवान को लेकर मांग होगी, तो उसे भी होटल प्रबंधन पूरा करेगा। इसके अलावा पूजा की थाली का भी प्रबंध किया जाएगा। निगम प्रबंध निदेशक अमित कश्यप ने कहा कि हमारे लिए मेहमान महत्त्वपूर्ण हैं। इसलिए कोविड-19 प्रोटोकाल का विशेष तौर पर ध्यान रखते हुए प्रबंध किए गए हैं। वहीं राज्य पर्यटन विकास निगम प्रबंधन ने निर्णय लिया है कि नवंबर तक निगम के होटलों में ठहरने के लिए आने वाले पर्यटकों को कमरों की बुकिंग पर 20 फीसदी की रियायत प्रदान की जाएगी। यह भी सुनिश्चित किया गया है कि कोरोना संक्रमण की किसी भी संभावना से पर्यटकों को सुरक्षित रखने के लिए समय अनुसार होटल में कमरों को सेनेटाइज किया जाता है। कोविड प्रोटोकॉल का इसमें विशेष तौर पर ध्यान रखने के निर्देश जारी किए गए हैं








