भारत सरकार के नागर विमानन महानिदेशालय की ओर से हिमाचल प्रदेश के चार हेलिपोर्ट से उड़ान की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद पर्यटकों की आमद बढ़ गई है। नौ दिसंबर से शुरू हुई हवाई सेवा के लिए अब तक विभिन्न जिलों में 242 सवारियां मिली हैं और इसमें अब तक 8 से 9 लाख तक की कमाई कंपनी को हो चुकी है। शुरू में हवाई सेवाओं के लिए पर्यटकों और स्थानीय लोगों का उत्साह कम दिखा, लेकिन अब इनमें सवारियों की संख्या बढऩे लगी है। न्यू ईयर के मौके पर बाहरी राज्यों से पर्यटक शिमला शहर की सैर के लिए आते हैं, तो ऐसे में उम्मीद जताई जा सकती है कि आने वाले दिनों में अब एडवांस में हर रोज बुकिंग होगी।
इसमें बाकी जिलों के लिए तो रोज सवारियां मिल रही हैं, लेकिन मंडी और रामपुर में पर्यटकों का कम रिस्पांस देखने को मिल रहा है। गौर रहे कि पिछले माह के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के चारों हेलिपोर्ट पर निर्माण संबंधी सभी कार्य पूरे कर लिए गए थे। उसके बाद हेलिकाप्टर्ज की उड़ान का डीजीसीए की ओर से औपचारिक स्वीकृति मिलने का इंतजार हो रहा था। अभी तक प्रदेश सरकार का हेलिकाप्टर सेना के अनाडेल मैदान में खड़ा होता है। अब सरकार का अपना हेलिपोर्ट होने पर सरकार का हेलिकाप्टर संजौली हेलिपोर्ट पर खड़ा हो सकेगा।
नौ दिसंबर से अब तक कितनी सवारियां
चंडीगढ़ से शिमला 80
शिमला से मंडी 32
मंडी से धर्मशाला 10
धर्मशाला से मंडी 5
मंडी से भुंतर 18
भुंतर से मंडी 36
मंडी से शिमला 40
शिमला से रामपुर 6
रामपुर से शिमला 13








