– भाजपा ने सोशल मीडिया पर बताई कांग्रेस सरकार की नाकामियां
– एक्स (ट्वीटर) पर देशभर में ‘‘बदहाली के 3 साल’’ हैशटैग किया गया ट्रेंड
– दिनभर कांग्रेस सरकार के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्टर और रील्स होती रही वायरल
– भाजपा सोशल मीडिया टीम ने कांग्रेस सरकार की रैली में आए लोगों की नाराजगी को भी किया उजागर
शिमला।
हिमाचल कांग्रेस सरकार के 3 साल पूरे होने पर प्रदेश भाजपा ने सोशल मीडिया पर जोरदार अभियान चलाकर सरकार की नाकामियों को उजागर किया। बुधवार को मंडी में कांग्रेस सरकार द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय समारोह को भाजपा ने सोशल मीडिया पर असफल साबित करने के लिए देशभर में व्यापक ई-कैंपेन चलाया। इसी क्रम में ‘‘बदहाली के 3 साल’’ हैशटैग एक्स (ट्विटर) पर पूरे दिन देशभर में ट्रेंड करता रहा।
हिमाचल भाजपा सोशल मीडिया टीम ने सुबह से ही पोस्टर, रील्स और वीडियो कंटेंट अपलोड कर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को सामने रखा। धीरे-धीरे यह कैंपेन इतना प्रभावी हुआ कि ‘‘बदहाली के 3 साल’’ हैशटैग देशभर में ट्रेंडिंग सूची में शीर्ष पर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सरकार के खिलाफ 35 हजार से अधिक ट्वीट किए गए, जिनमें गारंटियों की नाकामी, बंद किए गए संस्थान, 40 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज, लचर कानून व्यवस्था, घोटालों के आरोप, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
भाजपा के बड़े नेताओं ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से सुक्खू सरकार की असफलताओं को दर्शाते कंटेंट को साझा कर अभियान को और अधिक ताकत दी। मंडी में आयोजित कांग्रेस सरकार के समारोह के दौरान जनता की नाराजगी को भी भाजपा ने सोशल मीडिया पर उजागर किया। गौरतलब है कि इससे पहले 4 दिसम्बर को भाजपा ने धर्मशाला में विरोध प्रदर्शन किया था। उस कार्यक्रम को भी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से वायरल किया गया। भाजपा ने प्रदर्शन का लाइव प्रसारण दिखाया और ‘‘व्यवस्था पतन के 3 साल’’ हैशटैग को देशभर में ट्रेंड कराया। भाजपा का यह आक्रामक सोशल मीडिया अभियान कांग्रेस सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने में सफल रहा।
सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा ने आरोप लगाए हैं कि कांग्रेस सरकार ने तीन वर्षों में प्रदेश को बदहाली और कर्ज के बोझ तले दबा दिया है। जनता को गारंटियों के नाम पर गुमराह किया गया और संस्थानों को बंद कर विकास की गति रोक दी गई। यही कारण है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी की रैली में अपने संबोधन के दौरान भाजपा सोशल मीडिया टीम का उल्लेख करना पड़ा।










