हिमाचल प्रदेश में नगर निकायों के लिए शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। सुहावने मौसम के बीच घरों से निकल मतदाता केंद्र में पहुंचकर लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सुबह के समय मतदान की गति काफी धीमी थी, लेकिन दिन बढ़ने के साथ मतदान में बढ़ोतरी होने लगी। शुरू के 2 घंटों में वोटिंग परसेंटेज महज़ 11 फीसदी थी वहीं दोपहर 12 बजे तक मतदान का प्रतिशत 22 था, जबकि 2 बजे 36 प्रतिशत मतदान पहुंच गया। चम्बा व हमीरपुर जिलों के मतदाता मतदान करने में सबसे आगे हैं, जबकि सोलन जिला सबसे पिछड़ा है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार दोपहर दो बजे तक चम्बा में सर्वाधिक 53, हमीरपुर में 52, बिलासपुर व ऊना में 48-48, सिरमौर में 47, कुल्लू में 42, शिमला में 37, कांगड़ा में 29, मंडी में 25 और सोलन में 24 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर निकाय के 401 वार्डों में मतदान शाम 4 बजे तक चलेगा और इसके बाद एक घंटा कोरोना संक्रमित मतदाताओं के लिए निर्धारित किया गया है।
मतदान के दौरान अब तक कहीं से कोई अप्रिय खबर प्राप्त नहीं हुई हैं। कोरोना के चलते लोगों ने मास्क पहन रखे और सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा जा रहा है। कुछ स्थानों पर मतदाताओं को मास्क पहने रखने एवं सोशल डिस्टेंसिंग के लिए समझाते भी देखा गया। मतदान के बाद मतगणना कराई जायेगी और परिणाम घोषित कर दिया जायेगा।



