सोलन,16 जनवरी
सोलन के जनपद के थाना गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक व्यक्ति ने अपने ही साथी की गला दबाकर हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। बद्दी पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के नवां नगर से गिरफ्तार कर लिया है। वो यूपी जाने की फ़िराक में था। शुरुआती जांच में ये सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी से अवैध संबंध के शक पर इस वारदात को अंजाम दिया।
यूपी का संजय कुमार (27) और हरदोई का राहुल (23) बद्दी के उद्योगों में काम करते थे। दोनों ही शादीशुदा थे। 15 जनवरी को संजय और राहुल ने कमरे में शराब पी। शराब के नशे में राहुल ने संजय को उसकी पत्नी के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात कही। इसके बाद संजय उसे ज्यादा शराब पिलाता रहा। जब राहुल नशे में बेसुध हो गया तो संजय ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
16 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे थाना पंचायत प्रधान ने वारदात की सूचना बद्दी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। फ़ौरन ही पुलिस संजय की तलाश में जुट गई। रविवार को संजय बद्दी के साथ लगते हरियाणा क्षेत्र में यूपी जाने की तैयारी में बस का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने बस में सवार होने से पहले ही दबोच लिया। एएसपी नरेंद्र कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी संजय को गिरफ्तार कर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मृतक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।








