शिमला,5फरवरी
नशे के खिलाफ मुहिम चलाए हुए पुलिस ने शनिवार को चिड़गांव के भौड़ा में एक तस्कर को 52 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को कामयाबी तब मिली जब इससे पहले संदौर के पास पकड़े गए 2 चिट्टा तस्करों से गहन पूछताछ की गई।

पूछताछ में उन तस्करों ने चिड़गांव के भौड़ा निवासी 32 वर्षीय विजेंद्र का नाम लिया, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विजेंद्र को 52 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचने में सफलता हासिल की। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने बताया कि इससे पहले पुलिस ने संदौर के पास विशाल खांगटा व विकास नेगी को चिट्टे के साथ दबोचा था। उन्होंने कहा कि पुलिस नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत क्षेत्र में नशा माफिया को पनपने नहीं देगी तथा नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उक्त मामले में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।








