स्वारघाट (सुभाष चंदेल)
श्री नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सवाहण के अंतर्गत धरा गांव में केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, सोलन द्वारा दो दिवसीय मानव संसाधन विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 65 किसानों ने भाग लेकर खेती की आधुनिक और सुरक्षित तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान किसानों को बताया गया कि किस प्रकार फसलों को रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग के बिना भी बचाया जा सकता है। विशेष रूप से मक्का की फसल पर फॉल आर्मी वॉर्म (Fall Armyworm) के नियंत्रण को लेकर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। सोलन से आई विशेषज्ञों की टीम में सहायक वनस्पति संरक्षण अधिकारी (कीट विज्ञान) इदु खान, वैज्ञानिक सहायक अजय कुमार, कृषि विकास अधिकारी दीपक कुमार, डॉ. पुष्पेंद्र, बीटीएम सुनील ठाकुर तथा ADO स्वारघाट शामिल रहे। इन सभी अधिकारियों ने किसानों को खेत में ले जाकर सर्वेक्षण करवाया और मित्र तथा शत्रु कीटों की पहचान व उनके लाभ/हानि के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में मृदा विशेषज्ञ डॉ. इदू ने प्राकृतिक खेती के तरीकों पर प्रकाश डाला, वहीं केंद्रीय केंद्र के अधिकारियों ने बीज उपचार, जैविक नियंत्रण विधियों और रासायनिक कीटनाशकों के दुष्प्रभाव के बारे में भी किसानों को जागरूक किया।








