पुलिस थाना जुब्बल के अंतर्गत सराजी रोड पर हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा बीती रात लगभग 10 बजे का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार शमोट निवासी गोवर्धन सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बीती रात करीब 10 बजे जब वह अपने घर में था तो उसे घर के पास कुछ दूरी पर एक जोर की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर वह अपने पड़ोसी तिलक राज के साथ उस स्थान पर पहुंचा तो देखा कि एक कार (एचपी 10बी-6423) दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और एक व्यक्ति कार के पास मृत पड़ा था। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरीश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी सराजी के रूप में हुई है। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








