पुलिस थाना नूरपुर के अंतर्गत पुलिस चौकी रैहन के तहत आते क्षेत्र खेहर में तलवाड़ा-जसूर रोड पर बुधवार शाम हुए एक सड़क हादसे में छत्तर निवासी 21 वर्षीय युवक अभिषेक सतुवालिया पुत्र बलवंत सिंह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अभिषेक बुधवार शाम अपने बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर राजा का तालाब से रैहन की तरफ जा था। इस दौरान खेहर के पास पानी के टैंक को लेकर जा रहे ट्रैक्टर से मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में अभिषेक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बुलेट के पीछे बैठे लड़के को हल्की चोटें आई हैं।
वहीं वाहनों की टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। लोगों ने तत्काल बुलेट सवार युवक को उठाने की कोशिश की परन्तु वह उठ नहीं पाया। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस चौकी रैहन काे दी गई। सूचना मिलते ही एसआई नरेश कुमार व उनकी टीम हैड कांस्टेबल अजय कुमार व सुदर्शन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली। टीम ने ट्रैक्टर व बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की शुरू कर दी है। वहीं युवक के शव को कब्जे में ले लिया है, जिसका वीरवार को पोस्टमार्टम होगा। जानकारी के मुताबिक अभिषेक जालन्धर में पढ़ाई कर रहा था तथा अपने नजदीकी रिश्तेदार की शादी के लिए घर आया हुआ था।








