चौपाल, 13 फरवरी 2026:
चूड़धार मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही पर प्रशासन ने सख्त रोक लगा दी है। उप-मंडलाधिकारी (ना.) चौपाल द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अप्रैल 2026 तक चूड़धार यात्रा पर प्रतिबंध लागू रहेगा।
प्रशासन ने बताया कि चूड़धार मंदिर मार्ग पर 8 से 10 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिससे रास्ता बेहद फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण हो गया है। शिवरात्रि पर्व के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका भी जताई गई है, जिसके चलते किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
आदेश में पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 14 और 15 फरवरी को मंदिर मार्ग पर पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि शिवरात्रि के दौरान कोई भी श्रद्धालु यात्रा पर न जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
संबंधित अधिकारियों और प्रेस क्लब चौपाल को भी इस आदेश की सूचना दे दी गई है, ताकि आम लोगों तक समय रहते जानकारी पहुंच सके।







