शिमला: दो साल कोरोना की मार झेलने के बाद इस साल हिल्सक्वीन भव्य तरीके से क्रिसमस सैलिब्रेशन के लिए पूरी तरह तैयार है। क्रिसमस के मौके पर शहर के होटलों में विशेष पार्टियां होंगी। पर्यटन विकास निगम और निजी होटलों में सैलानी डीजे की धुनों पर थिरकेंगे। होटलों और रेस्तरां में डाइन एंड डांस के साथ गाला डिनर का बंदोबस्त होगा। क्रिसमस के मौके पर सैंटा बच्चों को गिफ्ट भी बांटेंगे। शहर के होटलों में करीब सौ फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है।
होटल और रेस्टोरेंट संचालक सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी को पूरी तरह भूनाने की तैयारी में हैं। सैलानियों के मनोरंजन के लिए क्रिसमस पार्टियों का आयोजन किया जा रहा है। डाइन एंड डांस के लिए होटलों के रेस्टोरेंट और टैरेस को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। रिसेप्शन पर क्रिसमस ट्री की गुब्बारों, स्टार और फूलों से सजावट की जा रही है। होटलों में सैलानियों को लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे।
गाला डिनर में सैलानियों के बड़े समूहों के लिए एक ही जगह पर डांस के साथ इंडियन, कांटीनेंटल फूड परोसने की तैयारी है। शहर में रेस्तरां की क्रिसमस थीम पर सजावट की जा रही है। क्रिसमस पार्टी के दौरान क्रिसमस केक काटने का भी खास इंतजाम है। होटल संचालकों ने सैलानियों के लिए न्यू ईयर पैकेज भी जारी किए हैं। 4500 से 22000 तक के पैकेज में तीन रातों का स्टे, खाना पीना, पार्टी और साइट सीन शामिल किया है। एडवांस बुकिंग पर 10 से 20 फीसदी डिस्कांउट दिया जा रहा है।








