हिमाचल उपचुनाव में हार के बाद भाजपा ने संगठन को एक्टिव करने और पुराने नेताओं के बल पर 2022 का फाइनल खेलने की दिशा में कदमताल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आज रविवार को ऊना मंडल भाजपा की बैठक हुई जिसमें मुख्य रूप पू्र्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती मौजूद रहे। बैठक में जहां सतपाल सिंह सत्ती ने नेता प्रतिपक्ष के बयानों पर पलटवार किया, वहीं मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भी रूपरेखा तैयार की और ऊना का फीडबैक भी लिया।
सत्ती ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 19 नवंबर को ऊना जिला के एकदिवसीय दौरे के दौरान करोड़ों की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पार्टी के कार्यकर्ता 2022 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की सरकार को दोबारा सत्ता में लाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न मोर्चों प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से पार्टी के विभिन्न अभियानों का फीडबैक भी लिया।








