रिकांगपिओ किन्नौर जिले के आकपा-जंगी सड़क मार्ग पर वीरवार सायं 4 बजे के करीब हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार को आकपा-जंगी सड़क मार्ग से गुजर रही एक आल्टो कार (एचपी 06ए-2915) सफेद ढांक के पास अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में जंगी निवासी चंद्र प्रेम पुत्र स्व. वांगचुक की मौके पर ही मौत हो गई। चंद्र प्रेम आकपा से अपने गांव जंगी की ओर जा रहा था। बताया गया है कि दुर्घटना के समय वाहन में चंद्र प्रेम अकेला ही था।
हादसे में मौत का ग्रास बना चंद्र प्रेम कारपेंटर का कार्य करता था। वहीं पुलिस की ओर से मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारण की जांच की जा रही है। हालांकि अब तक दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस द्वारा शव का स्थानीय चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। घटना स्थल पर पहुंचे पटवारी कृष्ण कुमार ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजन मौके पर नहीं पहुंचे हैं। प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को राहत मैनुअल के हिसाब से फौरी राहत प्रदान कर दी जाएगी।



