शिमला
राजधानी शिमला में पुलिस ने नियमित गश्त के दौरान सोलन जिले के अर्की निवासी को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8.86 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार बालूगंज थाना की टीम लोअर टुटू क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.86 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान हितेंद्र सिंह उर्फ रिंकू (42) पुत्र अनंत राम, निवासी गांव क्यार, डाकघर सुजैला, तहसील अर्की, जिला सोलन के रूप में हुई है।
पुलिस थाना बालूगंज में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह नशा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। मामले में उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।








