शिमला, 18 फरवरी 2026:
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आज 14वीं विधानसभा के ग्यारहवें सत्र के प्रथम चरण के समापन के बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सत्र अपेक्षा के अनुरूप सफल रहा। यह सत्र 16 फरवरी से शुरू होकर 18 फरवरी 2026 तक चला। उन्होंने बताया कि सदन की कार्यवाही अब 18 मार्च 2026, बुधवार, पूर्वाह्न 11:00 बजे तक स्थगित कर दी गई है। बजट सत्र का दूसरा चरण 18 मार्च को सुबह 11 बजे पुनः आरंभ होगा।
अध्यक्ष ने बताया कि सत्र के प्रथम चरण में कुल तीन बैठकें आयोजित की गईं, जिनकी कार्यवाही लगभग 18 घंटे 24 मिनट तक चली। इस प्रकार सत्र की कुल उत्पादकता 124 प्रतिशत रही।
उन्होंने जानकारी दी कि राज्यपाल के अभिभाषण के बाद सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्वर्गीय भगत राम चौहान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सदन में 34 प्रश्नों (24 तारांकित और 10 अतारांकित) के उत्तर सरकार द्वारा दिए गए। शून्यकाल में सदस्यों ने 10 विभिन्न विषय उठाए, जिन पर संबंधित मंत्रियों ने जवाब प्रस्तुत किया।
सत्र के दौरान सरकार द्वारा नियम 102 के तहत लाया गया सरकारी संकल्प भी चर्चा का मुख्य विषय रहा। इस संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 275 और 280 के तहत प्राप्त होने वाली राजस्व सहायता अनुदान राशि को 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार बंद किए जाने पर चिंता व्यक्त की गई। सदन ने केंद्र सरकार से प्रदेश की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पूर्ववत राजस्व घाटे के अनुरूप अनुदान प्रदान करने की जोरदार सिफारिश की। इस पर विस्तृत चर्चा के बाद संकल्प को पारित कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, राज्यपाल द्वारा पुनर्विचार के लिए लौटाए गए दो विधेयकों को भी सदन ने पुनः विचार के बाद पारित कर दिया।
प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्यों का सत्र को सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद किया।
उन्होंने जिला प्रशासन, हिमाचल प्रदेश सरकार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों-कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सत्र की कार्यवाही को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।







