शिमला 04 फरवरी । जुन्गा तहसील की बाबा इलेवन चीखर ने सीमा पर लगते सिरमौर के नेई-नेटी पंचायत के धरोली में संपन हुई प्रथम भूतेश्वर महाराज क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बाबा इलेवन चीखर ने पीरन ट्राई को 8 विकेट से पराजित किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में कामधेनु पेंट्स के रीजनल मैनेजर व क्षेत्र के समाजसेवी निहाल रापटा मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कीे । उन्होने विजेता टीम बाबा इलेवन चीखर को 81 हजार रुपये की नकद राशि कामधेनु परिवार की ओर से प्रदान की।
निहाल रापटा अपने संबोधन में युवाओं व बच्चों से मोबाइल व नशे से दूर रहकर खेलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई देते हुए आयोजकों से आग्रह किया कि आगामी वर्ष की प्रतियोगिता में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए । उन्होंने कहा कि यदि अगले वर्ष महिलाओं के लिए रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, तो वह विजेता टीम को 31 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये की राशि अपनी ओर से प्रदान करेंगे। इसके साथ ही फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पीरन ट्राई ने निर्धारित 8 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 64 रन बनाए। टीम की ओर से सुधीर ने 17 रन और तनु ने 12 रन का योगदान दिया। जवाब में बाबा इलेवन चीखर ने लक्ष्य को मात्र 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया और मुकाबला 8 विकेट से जीत लिया। बाबा इलेवन चीखर की ओर से अरुण ने नाबाद 26 रन बनाए, जबकि विक्की ने 15 रन और रोहित ने नाबाद 12 रन का योगदान दिया।







