मंडी,28फरवरी
शिवरात्रि मेले में शिरकत करने के लिए सोमवार को बड़ा देव कमरुनाग मंडी जनपद में पहुंच गए हैं। बड़ा देव कमरुनाग के स्वागत के लिए जिला प्रशासन व सर्व देवता कमेटी के प्रधान शिव पाल शर्मा व अन्य सैकड़ों लोगों ने उनका पुल घराट में भव्य स्वागत किया।
बड़ा देव कमरुनाग के मंडी पहुंचने पर सबसे पहले राज महल माधवराव मंदिर में अपनी हाजिरी भरी और उसके बाद राज परिवार की परंपरा के अनुसार राज महल में मंडी जनपद के आराध्य देव, देव कमरुनाग का राजा आमेश्वर सिंह ने स्वागत किया। इसके बाद देव कमरूनाग अपने लाव लश्कर के साथ टारना माता मंदिर के लिए रवाना हो गए हैं, देव कमरूनाग 7 दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहें।
बड़ा देव कमरूनाग के पहुंचने से छोटी काशी मंडी देवमयी हो गई है। बड़ा देव कमरुनाग के मंडी पहुंचने के बाद शिवरात्रि शुरू हो जाती है। इस मौके पर सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव के लिए जनपद के अन्य देवी देवता भी बड़ा देव कमरुनाग के बाद पहुंचना शुरू हो गए हैं, सुखदेव ऋषि थट्टा देव ,बुड्ढा बिगंल, देव झाथी वीर, देवी बगलामुखी, देवी बुड्डी भैरवा, देव ढगांडू ऋषि मंडी पहुंच चुके हैं।
वहीं इस दौरान देव कमरूनाग के दर्शनों के लिए सैकड़ों की संख्या में भी श्रद्धालु की भीड़ बाजार में उमड़ी। उन्होंने बताया कि बीते रोज पराशर ऋषि भी मंडी शिवरात्रि में शिरकत करने के लिए जनपद में पहुंच चुके हैं।
मंडी जनपद में इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2 से 8 मार्च तक मनाया जा रहा है 2 मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पहली जलेब में शामिल होकर अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे।