नाहन में भाजपा ने सत्ता की वापसी की है। पार्टी ने 8 वार्डों में जीत हासिल कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस को 5 वार्डों में जीत हासिल हुई। वार्ड नंबर 3 में कांग्रे्रस की प्रत्याशी मात्र 3 मतों से हारी। इस वार्ड में नोटा को 17 वोट पड़े। वार्ड नंबर 4 से श्रुति सबसे युवा पार्षद बनी हैं। चूंकि नगर परिषद का अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है, भाजपा ने दो आरक्षित वार्डों में ही एससी महिलाओं को मैदान में उतारा था।
वार्ड नंबर 4 से पार्टी की प्रत्याशी तुलसा देवी चुनाव हार गई हैं। लिहाजा, बीजेपी के 8 पार्षदों के पाले में केवल एक ही अनुसूचित जाति की महिला है। यही कारण है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की बहन ही अध्यक्ष होगी। यह अलग बात है कि उपाध्यक्ष पद को लेकर अविनाश गुप्ता की दावेदारी पुख्ता है, क्योंकि वह पहले भी इस पद पर रह चुके हैं। साथ ही भाजपा के पाले में वरिष्ठ भी हैं। चुनावी नतीजों में ये भी साफ हुआ है कि वार्ड नंबर 2 व 10 में कांग्रेस को मुस्लिम निर्दलीय प्रत्याशियों की वजह से हार का सामना करना पड़ा है।
वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस की मीना को 449 वोट हासिल हुए, जबकि श्यामा पुंडीर ने एकतरफा जीत हासिल करते हुए 715 मत हासिल किए। वार्ड नंबर 2 में भाजपा के विक्रम वर्मा ने 507 मत हासिल कर जीत प्राप्त की है। यहां निर्दलीय प्रत्याशी गुल मन्नवर ने 321 मत हासिल कर कांग्रेस का समीकरण बिगाड़ दिया। कांग्रेस प्रत्याशी को 426 वोट हासिल हुए। मनोज कुमार गर्ग को 33 मत प्राप्त हुए। वार्ड नंबर 3 में नीलम सैनी को 608 वोट हासिल हुए। कांग्रेस प्रत्याशी ने 605 मत हासिल किए। वार्ड नंबर 4 से कांग्रेस की श्रुति ने 327 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की है, जबकि तुलसा देवी को 299 मत ही पड़ सके।
नगर परिषद के नतीजों में सबसे धमाकेदार जीत भाजपा की मधु अत्री ने हासिल की है। अत्री को 825 मत हासिल हुए। जबकि दुर्गा कंवर को 232 वोट हासिल हुए। 4 व 5 वार्ड से पार्षद रह चुके वीरेंद्र पासी ने वार्ड नंबर 6 से भी जीत हासिल की है। पासी को 373 व भाजपा प्रत्याशी संजय चैहान को 303 वोट प्राप्त हुए। वार्ड नंबर 7 में भी मुकाबला काफी नजदीक का रहा। कांग्रेस के प्रत्याशी राकेश गर्ग ने 49 मतों के अंतर से जीत हासिल की। राकेश गर्ग को 493 वोट हासिल हुए, जबकि भाजपा के देवेंद्र अग्रवाल ने 444 मत प्राप्त किए। वार्ड नंबर 8 में रीतिका गर्ग ने 551 वोट हासिल कर जीत प्राप्त की है। भाजपा की नीति अग्रवाल को 438 वोट हासिल हुए।
वार्ड नंबर 9 से मंजीत कौर ने 537 वोट प्राप्त कर जीत हासिल की है। कांग्रेस की अराधना को 327 वोट प्राप्त हुए, जबकि शबाना चैहान को 113 मत मिले। वार्ड नंबर 10 से अशोक विक्रम ने 307 वोट प्राप्त किए हैं। कांग्रेस के फिरोज को 230 मत मिले, जबकि वसीम खान ने 274 वोट हासिल किए।
वार्ड नंबर 11 से बीजेपी की संध्या अग्रवाल ने 473 मत प्राप्त किए। वो 61 मतों से चुनाव जीती। कांग्रेस की हरप्रीत कौर को 412 वोट मिले। बीजेपी के हैवीवेट अविनाश गुप्ता 767 वोट हासिल कर वार्ड नंबर 12 से चुनाव जीत गए हैं। कांग्रेस के नरेंद्र सिंह को 644 मत प्राप्त हुए।
वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस के योगेश गुप्ता ने अपनी शानदार जीत हासिल की है। गुप्ता को 384 वोट प्राप्त हुए। निकटतम प्रत्याशी राकेश कुमार को 170 वोटों से हराया। उषा, नीना रानी, बगेश कुमार को क्रमशः 62, 53 व 193 वोट मिले, जबकि बीजेपी के अमरजीत को 157 वोट प्राप्त हुए।