एक्स ट्रेंडिंग पर देशभर में दूसरे नंबर पर रहा भाजपा का हैशटैग #HimachalAgainstMafiaRaaj
शिमला।
हिमाचल प्रदेश भाजपा ने आज कांग्रेस सरकार के खिलाफ चौड़ा मैदान, शिमला में महा-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरूआत सुबह 10 बजे से हो गई थी। प्रदर्शन की थीम कांग्रेस के माफियाराज के खिलाफ विशाल प्रदर्शन था। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी प्रदर्शन की झलक दिखना शुरू हो गई। देशभर के लोगों ने भाजपा सोशल मीडिया के हैंडल्स पर प्रदर्शन का सीधा प्रसारण देखा। इसके मद्देनजर लोगों में भी खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने सोशल मीडिया पर हैशटैग के साथ कांग्रेस सरकार के खिलाफ दनादन पोस्टिंग करना शुरू कर दिया। भाजपा प्रदर्शन की ताकत सोशल मीडिया पर उस वक्त देखी गई जब भाजपा द्वारा चलाए गए हैशटैग को एक्स के शीर्ष पर देखा गया।
भाजपा सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक सुशील राठौर ने बताया कि एक्स (ट्विटर) ट्रेंडिंग पर भाजपा का हैशटैग देशभर में दूसरे नंबर पर आंका गया। दोपहर 1 बजे तक 11,000 से अधिक लोगों ने एक्स पर #HimachalAgainstMafiaRaaj हैशटैग सहित कांग्रेस सरकार के खिलाफ पोस्ट अपलोड की थी। इसके बाद भी कांग्रेस सरकार के खिलाफ पोस्टिंग का क्रम जारी रहा।
भाजपा सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक सुशील राठौर ने बताया कि लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर खनन माफिया, शराब माफिया, वन माफिया, चिट्टा माफिया सहित कांग्रेस की गारंटियों एवं विकास कार्यों पर सवाल खड़े किए गए। बेशक, चौड़ा मैदान शिमला में हजारों लोग महा-प्रदर्शन में मौजूद रहे लेकिन सोशल मीडिया पर लाखों लोग इस प्रदर्शन को देखने में व्यस्त दिखे। सुशील राठौर ने यह भी बताया कि भाजपा आईटी-सोशल मीडिया प्रदेश प्रभारी चेतन सिंह बरागटा के मार्गदर्शन में उनकी टीम द्वारा एक सप्ताह पूर्व ही इस प्रदर्शन को लेकर कैंपेन चलाया गया था। उन्होंने बताया कि आज भाजपा हिमाचल प्रदेश के ऑफिशियल फेसबुक पेज, एक्स और यूट्यूब चैनल पर प्रदर्शन का लाइव प्रसारण चलाया गया था, जिसे देशभर के लाखों लोग दे रहे थे। यही कारण है कि सोशल मीडिया पर भी भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ किए गए महा-प्रदर्शन की ताकत नजर आई। भाजपा सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुशील राठौर ने अपनी टीम एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को साधुवाद देने सहित सोशल में प्रदर्शन के लाइव प्रसारण एवं हैशटैग के पोस्ट करने वाले समस्त लोगों का आभार व्यक्त किया है।