राजधानी के बालूगंज बाजार को कंटेन्मेंट जोन से मुक्ति मिल गई है। 5 दिन बाद गुरुवार को बाजार की दुकानें खुली और वाहनों की आवाजाही भी शुरू हुई। इससे बालूगंज व शहर के अन्य लोगों को राहत मिली है।
जिला प्रशासन ने बीते 18 जुलाई को बालूगंज बाजार को कंटेन्मेंट जोन घोषित कर पूरी तरह सील कर दिया था, साथ ही वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई थी। जिससें उपनगर समरहिल व टुटू जाने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही थीं। दरअसल बालूगंज में जम्मू-कश्मीर से लौटा एक व्यक्ति कोरोना से संक्रमित निकला था। उसके संपर्क में आने से चार लोग भी संक्रमित हुए।
शिमला के डीसी अमित कश्यप ने बताया कि पिछले 5 दिनों में संक्रमण का कोई मामला नहीं आने पर बालूगंज को कंटेन्मेंट जोन से बाहर कर दिया गया है तथा आज से बाजार को खोलने और वाहनों की आवाजाही की अनुमति रहेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग कोरोना संक्रमितों के प्राथमिक संपर्क में आये हैं, उन्हें होम क्वारंटाइन में रखा गया है।






