सीबीएसई ने बुधवार को घोषणा की है कि केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) का आयोजन 135 शहरों में 31 जनवरी, 2021 को किया जाएगा। शिक्षक बनना चाह रहे लाखों उम्मीदवार बेसब्री से नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे थे। बता दें कि यह परीक्षा 5 जुलाई को आयोजित की जानी थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण परीक्षा को स्थगित कर दिया गया था।
सीबीएसई ने कि अभ्यर्थियों की ओर से अपने परीक्षा शहर का विकल्प बदलने के लिए बड़ी संख्या में अनुरोध प्राप्त हुए हैं, क्योंकि उन्होंने कोविड-19 के कारण अपना स्थान बदल लिया है। कोविड-19 की स्थिति को ध्यान में रखते सीबीएसई ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शहर का विकल्प बदलने का मौका देने का फैसला किया है, जो उम्मीदवार अपने परीक्षा शहर को बदलना चाहते हैं, वह सात नवंबर 2020 से 16 नवंबर 2020 के बीच ऑनलाइन बदल सकते हैं। इस दौरान एग्जाम सिटी बदलने की विंडो खुलेगी। सीबीएसई ने कहा है कि अभ्यर्थियों द्वारा चुने गए शहरों में उम्मीदवारों को समायोजित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा, लेकिन यदि कोई स्थिति पैदा होती है तो उनके द्वारा चुने गए चार शहरों के अलावा कोई भी शहर आबंटित किया जा सकता है।








