23जनवरी, शिमला
पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत मेलठी-कलगांव मार्ग पर एक आल्टो कार (एचपी 10ए-3369) के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य घायल हो गए।

कलगांव निवासी ज्ञान सिंह ने रोहड़ू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने साथियों हरीश कुमार, जयकरण दत्ता तथा रणधीर दत्ता के साथ आल्टो कार में मेलठी गांव में रिश्तेदारी में गए थे परंतु वापस आते समय शाम 5.45 बजे गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक व्यक्ति जयकरण दत्ता की मृत्यु हो गई जबकि अन्य 3 घायल हो गए। ज्ञान सिंह ने गाड़ी चालक हरीश कुमार पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया है, जिससे यह हादसा हुआ है। डीएसपी रोहड़ू चमन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








