राजधानी शिमला के ठियोग में शुक्रवार रात एक मारुति कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इसमें 2 लोग सवार थे। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को ठियोग अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत स्थिर बनी हुई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शी प्रताप सिंह ने बताया कि जब वह अपनी गाड़ी में घर जा रहे थे तो जोर का धमाका सुनाई दिया। उन्होंने उसी वक्त कार रोकी और नीचे की तरफ देखा तो एक कार क्षतिग्रस्त हालत में पलटी हुई थी। वे राहगीरों की मदद से नीचे गए और घायलों को कार से निकाला।
प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने घायलों से नाम पूछा तो उनकी पहचान जेसु पुत्र शिवराम शर्मा निवासी बालन के रूप में हुई, जो कार चला रहा था। हादसे में सुरेंद्र भी घायल हुआ है। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को जब्त किया और हादसे की जांच शुरू की।