हिमाचल प्रदेश में खालिस्तानी संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजी) चिंगारी फैलाने की फ़िराक में है। एसएफजी के जनरल काउंसिल गुरपतवंत सिंह पन्नू की तरफ से एक भड़काऊ ऑडियो मैसेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को तिरंगा न फहराने की धमकी दी गई है। कई पत्रकारों को बाकायदा इस तरह के धमकी भरे रिकार्डड फोन कॉल आए हैं। ये फोन कॉल 442039061459 नंबर से आए हैं।
सिख फॉर जस्टिस संगठन के आतंकी गुरुपतवंत सिंह पन्नू की ओर से ये फोन कॉल राजधानी शिमला के कई पत्रकारों को किया गया है। इसमें कहा गया कि हिमाचल प्रदेश पंजाब का हिस्सा था और हम पंजाब में रेफरेंडम (रायशुमारी) चाहते हैं। यहां के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को तिरंगा नहीं फहराने दिया जाएगा। इस फोन कॉल में गुरुपतवंत सिंह पन्नू ने खुद को वाशिंगटन डीसी में बताया है। 44 सेकंड के रिकॉर्डिड फोन कॉल में किसानों का भी जिक्र किया गया है। इस बीच स्वतंत्रता दिवस से पहले इस तरह की धमकी आने के बाद हिमाचल पुलिस और केंद्रीय व अन्य खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं।
हिमाचल पुलिस ने अपने फेसबुक पेज पर जानकारी दी है कि भारत के बाहर से प्रो खालिस्तानी तत्वों का एक रिकॉर्डिड फोन कॉल मैसेज कुछ पत्रकारों को आया है, जिसकी तफ्तीश की जा रही है। हिमाचल पुलिस प्रदेश की सुरक्षा और राष्ट्र विरोधी तत्वों से निपटने में पूरी तरह से सक्षम है।
बता दें कि सिख फॉर जस्टिस भारत में प्रतिबंधित संगठन है, जिसका नाम पहले किसानों के आंदोलन से जुड़ता रहा है। भारत सरकार ने गुरुपतवंत सिंह को आतंकी घोषित किया है। लंबे वक्त से वो खालिस्तान को लेकर आवाज बुलंद करने का काम कर रहा है।