-पर्यवेक्षक संजय दत्त ने वार रूम की बैठक
लोकसभा चुनावों में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी ने जमीनी स्तर पर काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ता जहां फील्ड में प्रचार करेगी तो वॉर रूम में प्रचार से लेकर चुनावी जीत के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। कांग्रेस पार्टी की ओर से आगामी चुनावों में समन्वय के उद्देश्य से गठित वार रूम की शनिवार को बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय दत्त ने की। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित इस बैठक में वार रूम के अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय अवस्थी, सह अध्यक्ष महेश्वर चौहान व उपाध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने संजय दत्त का स्वागत किया। उनके समक्ष वार रूम की कार्यप्रणाली व अभी तक किए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति के अन्य सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे। संजय दत्त ने वार रूम के योद्धाओं को महत्वपूर्ण चुनावी टिप्स दिए और चुनावों के समन्वय में वार रूम के महत्व को दोहराया। समन्वय समिति, विधि विभाग, मीडिया विभाग, सोशल मीडिया विभाग और प्रोटोकॉल टीम जैसी सभी समितियां स्थापित केंद्रीय वार रूम के साथ निकट समन्वय में कार्य करेगी। वार रूम के उपाध्यक्ष हिमराल ने कहा कि प्रत्येक लोकसभा केंद्र पर जोनल वार रूम स्थापित किए जाएंगे। कांगड़ा के लिए धर्मशाला में मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए मंडी में इसके लिए कार्य को अंतिम रूप दे दिया गया है। संजय दत्त ने क्षेत्र में पार्टी के अग्रणी संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला और वार रूम को क्षेत्र स्तर पर इन टीमों के साथ निकट संपर्क में रहने के निर्देश दिए।








