जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एक महिला का फंदे से लटका शव बरामद किया गया है। वहीं मृतक महिला के मायके पक्ष ने इसे हत्या का करार देते हुए पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
मृतक महिला की पहचान 25 वर्षीय सरोजिनी पत्नी महावीर निवासी जिला हरदोई यूपी के रूप में हुई है जो की पिछले दो माह से पांवटा साहिब के रामपुर घाट में रह रहे थे। सरोजिनी की मां ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की हत्या की गई है और हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया।
मां ने बताया कि उसे 13 नवंबर को सूचना मिली थी कि उसकी बेटी की मौत हो गई है। जब मौके पर जाकर मायके पक्ष ने देखा तो बेटी के पूरे शरीर पर मारपीट और जख्मों के निशान थे। पीड़िता ने बताया कि सरोजिनी अपने पीछे दो मासूम बच्चे छोड़ गई है।
उधर, खबर की पुष्टि करते हुए डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिसके बाद ही पता चल सकेगा कि महिला की मौत कैसे हुई थी।