शिमला जिला के रामपुर बुशहर उपमंडल के सराहन क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। श्मशानघाट को जाने वाले रास्ते के पास संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह जब स्थानीय लोग उस मार्ग से गुजर रहे थे, तो उन्होंने एक व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान अनिल निवासी सराहन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक के साथ मारपीट की गई हो सकती है या उसकी हत्या कर शव को वहां फेंका गया हो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है, ताकि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा सकें। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत की जांच में जुटी हुई है।



