शिमला। राजधानी शिमला में हॉली लॉज के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह थाना सदर को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि हॉली लॉज के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि करीब 20–25 वर्ष का एक अज्ञात युवक निर्माणाधीन भवन के पीछे नाली में गिरा हुआ था। पुलिस द्वारा जांच करने पर युवक को मृत पाया गया और उसके सिर में गंभीर चोटें पाई गईं।
पुलिस को मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, जिसके कारण उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि युवक का पैर फिसलने से वह लगभग 35–40 फुट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान के प्रयास भी किए जा रहे हैं।








