शिमला
शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में छात्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला पुलिस कानून-व्यवस्था भंग करने और हिंसात्मक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। इसी के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अंकित चंदेल ने 27 फरवरी 2026 की शाम को बालूगंज थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि समरहिल स्थित यूनिवर्सिटी डिस्पेंसरी के पास SFI से जुड़े कुछ छात्रों ने उस पर लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने बालूगंज थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पहले ही तीन आरोपियों—देवराज उर्फ राजेश, विवेक बिरसांटा और अंशुल मिन्हास—को 21 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
वहीं, जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 30-31 मार्च की रात को दो अन्य आरोपियों—कमल देव शर्मा (26) और प्रवेश कुमार (21), दोनों निवासी जिला सिरमौर—को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।



