मंडी,
पद्धर उपमंडल के उरला क्षेत्र स्थित तालगर में रविवार देर रात को अचानक भारी मलबा सड़क पर आ गया, जिससे पालमपुर से शिमला जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस रास्ते में फंस गई। बस में कई सवारियां मौजूद थीं।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम और पद्धर के एसडीएम राहत एवं बचाव दल के साथ मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने भी तेजी दिखाते हुए रेस्क्यू कार्य में सक्रिय सहयोग किया।
संयुक्त प्रयासों से सभी यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई है, हालांकि मार्ग अवरुद्ध होने के कारण यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
प्रशासन द्वारा मलबा हटाने का कार्य जारी है और जल्द ही मार्ग को सुचारू रूप से बहाल किए जाने की उम्मीद है।








