शिमला 05 मार्च
मशोबरा ब्लाॅक की अंतिम छोर की पंचायत पीरन के विकास के लिए करीब नौ लाख की राशि कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र के विधायक अनिरूद्ध सिंह राणा द्वारा वर्ष 2021-22 के दौरान स्वीकृत की गई है जिसमें से अधिकांश राशि मशोबरा ब्लाॅक में लंबित पड़ी है इस राशि का उपयोग पंचायत के विकास कार्य पर नहीं हो रहा है जोकि उचित नहीं है। यह बात कसुंपटी कांग्रेस मंडल के अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल ने शनिवार को जारी बयान में कही ।

उन्होने बताया कि बीते वर्ष पंचायत के गांव आंजी में लोगों द्वारा पानी की समस्या के चलते छोटी लिफ्ट लगाने की मांग की गई थी जिस पर विधायक द्वारा तीन लाख रूपये की राशि विधायक निधि से स्वीकृत की गई थी । जिसमें से कुछ महीने पहले डेढ लाख की एक किश्त पीरन पंचायत का जारी हो चुकी है परंतु पंचायत द्वारा अभी तक कार्य आरंभ नहीं करवाया गया है । उन्होने कहा कि स्थानीय प्रधान द्वारा बाउंटला में क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान जिस प्रकार विधायक व पार्टी पर टिप्पणी की गई है वह एक स्वस्थ राजनीति नहीं है । उन्होने बीडीओ से आग्रह किया है कि विधायक द्वारा स्वीकृत राशि को तुरंत ग्राम पंचायत पीरन को स्थानान्तरित की जाए ।
पूर्व प्रधान अतर सिंह ठाकुर ने बताया कि विधायक द्वारा तीन लाख की राशि आंजी पेयजल योजना के लिए , पजाल चलोग रोड़ की मुरम्मत के लिए 50 हजार, शिल्ली से चलोग रोड़ के लिए 50 हजार, उपरली ट्राई से निचली ट्राई के लिए सड़क निर्मित करने के लिए 50 हजार, जगड़ोटी से देवठी के लिए रोड़ बनाने के लिए एक लाख, जोट से पनी की सेर के लिए रोड़ हेतू 50 हजार रूपये , डेढ लाख की राशि कवाली मंदिर के लिए तथा दो लाख की राशि नालटा महिला भवन के लिए एमपी फंड से स्वीकृत की गई है । इसके अतिरिक्त पीरन पंचायत के एक करोड़ रूपये की उठाऊ सिंचाई योजना स्वीकृत करके क्रियाशील बनाई गई है । इसी प्रकार ट्रहाई व चलोग के लिए भी उठाऊ सिंचाई योजना विधायक प्राथमिक में डाली गई है जोकि नाबार्ड को स्वीकृति हेतू भेजी गई है ं
आंजी गांव की वार्ड सदस्य ममता कश्यप, श्याम सिंह और मदन ने बताया कि पानी की समस्या को देखते हुए पंचायत से कई बार इस योजना को तैयार करने की गुहार लगाई जा चुकी है परंतु अभी तक कार्य आरंभ नहीं किया गया है । इन्होने इस कार्य को शीघ्र आरंभ करने का आग्रह किया है ।
विकास खंड मशोबरा के एससीबीपीओ कामराज ठाकुर ने बताया कि पंचायत द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई है । जैसे की पंचायत का प्रस्ताव संबधित दस्तावेजों सहित प्राप्त होगा धनराशि तुरंत जारी कर दी जाएगी ।








