कांगड़ा: शक्तिपीठ बज्रेश्वरी मंदिर में स्थापित हवन कुंड में एक श्रद्धालु के गिरने से अफरातफरी मच गई। श्रद्धालु जैसे ही गिरा तो उसे कुंड के समीप बैठे लोगों ने बाहर निकाला और तत्काल पुलिस कर्मियों को सूचित किया। जख्मी हालत में उसे कांगड़ा अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अष्टमी के दिन श्रद्धालु मंदिर में देवी दर्शनों को आ रहे थे। अचानक एक श्रद्धालु हवन कुंड में गिर गया। कुंड में गिरते ही मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। श्रद्धालु, पुजारी और तैनात पुलिस कर्मी कुंड की तरफ भागे। उसे तुरंत कुंड से बाहर निकाला गया। घायल की पहचान यूपी के मैनपुरी के रहने वाले 67 वर्षीय मनफूल सिंह के रूप में हुई है। घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। उधर, इस घटना को लेकर कुछ लोग चर्चा कर रहे हैं कि श्रद्धालु ने कुंड में छलांग लगाई है। लेकिन इसकी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।








